बदायूं। लगातार हुई बारिश के दौरान 34 गोवंशों की मृत्यु की घटना को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग के मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को म्याऊं ब्लॉक के अभिगांव और सालारपुर ब्लॉक के ब्यौर स्थित गोवंश आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम कोहली समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पशुधन मंत्री ने दोनों गोवंश आश्रय स्थलों में गोवंशों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय हरे चारे समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। उन्होंने ग्रामीणों से भी बारिश के दौरान हुई गोवंशों की मौत की घटना के संबंध में जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार तीन दिन हुई बारिश के दौरान आश्रय स्थल पर पर्याप्त शेड उपलब्ध नहीं होने के कारण गोवंश भीगते रहे। आश्रय स्थल ढलान पर होने के कारण बारिश का पानी भी परिसर में भर गया, जिससे गोवंश पानी में डूबे रहे। लगातार भीगने और ठंड लगने के कारण कई गोवंशों की मृत्यु हो गई।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गोवंश आश्रय स्थलों में इस प्रकार की घटनाएं कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को आगामी शीतकाल को देखते हुए सभी गोवंश आश्रय स्थलों पर पर्याप्त शेड, जलनिकासी, चारा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गोवंशों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि बारिश में भीगने के कारण म्याऊं क्षेत्र में 20 और सालारपुर क्षेत्र में 14, कुल 34 गोवंशों की मृत्यु हुई है। निरीक्षण के दौरान ब्यौर गोवंश आश्रय स्थल पर एक गोवंश बीमार मिला, जिसका लगातार उपचार किया जा रहा है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी दातागंज, अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






