बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी संबंध में भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियाँ’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने से लेकर वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने और उसके बाद देश की सेवा तक की यात्रा के विभिन्न प्रसंगों को नाट्य रूपांतरण के जरिए दर्शकों के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुतियों में सेवा, सुशासन, अंत्योदय, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रसंगों के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाए गए कार्यों को भी मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि बदायूं की छहों विधानसभाओं में लगभग 11-11 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस प्रकार जिले में करीब 66 स्थानों पर नाट्य मंचन होगा। कार्यक्रमों को शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रसंगों को सीधे देख सकें।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की विशेषता यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन यात्रा को केवल भाषणों के माध्यम से नहीं, बल्कि कहानी, संवाद, अभिनय, संगीत और रंगमंच के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। इससे युवाओं और नई पीढ़ी को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियाँ’ कला के माध्यम से जनसंवाद की एक पहल है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण से जुड़े प्रसंगों को सरल एवं प्रभावी रूप में समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष उदयवीर दिवाकर, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय, जिला सह-कार्यालय मंत्री जितेंद्र साहू सहित अन्य पदाधि
कारी मौजूद रहे।





