अब सालारपुर और आसपास के गांवों के किसानों को बीज व कृषि संबंधी सुविधाओं के लिए नहीं जाना पड़ेगा बिनावर, समय और धन की होगी बचत
बदायूं। विकासखंड सालारपुर के किसानों को बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से की जा रही मांग को पूरा करते हुए क्रिटिकल गैप्स योजना के अंतर्गत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित राजकीय कृषि एवं डिजिटल सेंटर का उद्घाटन सदर विधायक एवं पूर्व नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस सेंटर के शुरू होने से सालारपुर और आसपास के गांवों के किसानों को बीज एवं कृषि विभाग से संबंधित सुविधाएं अब अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि सालारपुर क्षेत्र में लंबे समय से राजकीय कृषि भंडार की मांग की जा रही थी। यहां का पुराना बीज भंडार बिनावर में स्थित होने के कारण किसानों को बीज और कृषि संबंधी सामग्री प्राप्त करने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। इससे किसानों का समय और पैसा दोनों खर्च होते थे। किसानों की इस परेशानी को देखते हुए उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास किया, जिसका परिणाम आज इस कृषि एवं डिजिटल सेंटर के रूप में सामने आया है।
विधायक ने कहा कि अब सालारपुर और आसपास के गांवों के किसानों को बीज एवं कृषि विभाग से जुड़ी सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों के समय और श्रम की बचत होगी। सरकार का प्रयास है कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, खाद तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय से मिले। खेती की लागत कम हो, किसानों की आय बढ़े और किसान आत्मनिर्भर बनें, इसी उद्देश्य से लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार गांव, गरीब और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से नए कृषि केंद्र का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सालारपुर अनेकपाल सिंह, राजेश्वर सिंह पटेल उर्फ बेबी भैया, सोवरन सिंह राजपूत, धीर सिंह, रमेश, मनोज, निरंजन, जमशेद, अरुण भारद्वाज, अजय प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।







