जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर निकली विशाल पदयात्रा, हजारों कार्यकर्ताओं ने लिया विकसित भारत का संकल्प
बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बदायूं में शक्ति प्रदर्शन जैसा नजारा देखने को मिला। इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में जिलेभर से पहुंचे हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और प्ले कार्ड लेकर शहर में विशाल पदयात्रा निकाली।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, जिला प्रभारी राकेश मिश्रा अनावा और जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के वर्चुअल संबोधन को उत्साह के साथ सुना।
मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा देश के लिए प्रेरणादायी : बीएल वर्मा
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई नरेंद्र मोदी की राजनीतिक यात्रा वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद तक पहुंची और वर्ष 2024 में देश की जनता ने लगातार तीसरी बार उन्हें नेतृत्व का अवसर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा को राजनीति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का दायित्व माना है। उनके नेतृत्व में देश में विकास को नई गति मिली है और गरीब, किसान, महिला एवं युवा समेत समाज के विभिन्न वर्गों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
बीएल वर्मा ने कहा कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, रोजगार के अवसर, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, पेयजल और आधारभूत ढांचे के विस्तार के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा भावना के साथ गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
सबका विश्वास जीतकर विकास की ओर बढ़ रहा देश : अरुण सक्सेना
जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश की विकास यात्रा आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है। गांव मजबूत होंगे, किसान समृद्ध होगा, युवाओं को अवसर मिलेंगे, महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और गरीब परिवारों के जीवन में स्थायी सुधार आएगा, तभी देश का विकास वास्तविक अर्थों में मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने में भी सहयोग करें।
विकसित भारत का संकल्प जन-जन का संकल्प बने : राकेश मिश्रा
जिला प्रभारी राकेश मिश्रा अनावा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता है। बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर सेवा और संपर्क का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाना होगा। विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से संभव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संपर्क और संवाद बढ़ाकर विकसित भारत के संदेश को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
हर बूथ और हर परिवार तक पहुंचेगा विकसित भारत का संदेश : राजीव गुप्ता
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत संकल्प सभा के माध्यम से बदायूं के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौधरोपण, महिला सम्मान, आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवा गतिविधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसेवा के कार्य किए गए हैं। अब विकसित भारत के संकल्प को प्रत्येक बूथ, गांव और परिवार तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज की विशाल सहभागिता ने स्पष्ट कर दिया है कि बदायूं भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत के निर्माण की इस यात्रा में पूरी ऊर्जा के साथ अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
झंडे और प्ले कार्ड लेकर निकली विशाल पदयात्रा
वर्चुअल संबोधन और संकल्प सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और ‘विकसित भारत’ के संदेश वाले प्ले कार्ड लेकर विशाल पदयात्रा निकाली। पदयात्रा महाराणा प्रताप चौक से शुरू होकर पुरुषराम चौक, बदायूं क्लब, भामाशाह चौक और कचहरी होते हुए इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड पहुंची।
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। भाजपा के झंडों और विकसित भारत के संदेश वाले प्ले कार्ड से सजे मार्ग पर कार्यकर्ताओं ने जनसेवा, सुशासन, विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से शहर में पदयात्रा ने भव्य रूप ले लिया।
कार्यक्रम में रंगकर्मियों ने विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर नाटक का मंचन कर लोगों को जागरूक किया।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य, पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज, पूर्व प्रदेश मंत्री डीपी भारती, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।







