जगत ब्लॉक के नरेली माहोरा गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने समूह सखी पर लगाए गंभीर आरोप, विरोध करने पर गाली-गलौज और समूह से निकालने की धमकी देने का भी दावा
बदायूं। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जगत ब्लॉक के नरेली माहोरा गांव में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने समूह सखी चंद्र प्रभा पर केवाईसी (KYC) के नाम पर अवैध वसूली करने और फर्जी हस्ताक्षर के जरिए करीब दो लाख रुपये निकालने का गंभीर आरोप लगाया है।
जय अंबे महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का आरोप है कि समूह सखी द्वारा केवाईसी कराने के नाम पर अलग-अलग महिलाओं से 30, 150, 250 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक की रकम ली जा रही है। महिलाओं का कहना है कि इस रकम को किस मद में लिया जा रहा है, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती।
महिलाओं ने दावा किया कि समूह सखी द्वारा कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर समूह के खाते से करीब दो लाख रुपये की धनराशि निकाल ली गई। जब उन्होंने इस संबंध में सवाल उठाए और निकाली गई रकम का हिसाब मांगा तो कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया।
पासबुक अपने पास रखने और धमकी देने का आरोप
समूह की महिलाओं का आरोप है कि समूह की बैंक पासबुक भी समूह सखी चंद्र प्रभा के पास रहती हैं। इसके चलते महिलाओं को अपने खाते में जमा धनराशि और बैंक लेनदेन की जानकारी प्राप्त करने में परेशानी होती है। महिलाओं का कहना है कि निर्धारित रकम नहीं देने या कथित अनियमितताओं का विरोध करने पर उन्हें समूह से बाहर निकालने की धमकी दी जाती है।
महिलाओं ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाना है, लेकिन यदि केवाईसी के नाम पर वसूली और बिना सहमति के धन निकासी हुई है तो यह बेहद गंभीर मामला है।
अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित महिलाओं ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, समूह के बैंक खातों का स्टेटमेंट निकलवाने, कथित हस्ताक्षरों का सत्यापन कराने और धनराशि के लेनदेन की जांच करने की मांग की है। महिलाओं ने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
इस मौके पर रोशनी, कुसुम, रचना, ओमवती, विद्यावती, समीक्षा, नीरज शाक्य, शिखा, दिशा सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।






