बदायूं में पांच उपनिरीक्षक बने निरीक्षक, एसएसपी अंकिता शर्मा ने वर्दी पर स्टार लगाकर दी बधाई
एएसपी ग्रामीण और एएसपी नगर रहे मौजूद, नए दायित्वों को निष्ठा से निभाने के दिए निर्देश
बदायूं। जनपद बदायूं में पांच उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए उत्साहवर्धन किया। एसएसपी ने पदोन्नत पुलिस अधिकारियों की वर्दी पर स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदोन्नति प्राप्त करने वालों में थाना उघैती के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक उदयवीर सिंह, थाना मुजरिया के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक नीरज कुमार, थाना उझानी में तैनात उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र, थाना उसहैत में तैनात उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार तथा यूपीपीसीएल लखनऊ में तैनात उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह शामिल हैं।
उपनिरीक्षक नीरज कुमार इससे पहले बदायूं की सदर कोतवाली की लालपुल चौकी तथा सिविल लाइंस कोतवाली की मंडी और शेखूपुर चौकी के प्रभारी रह चुके हैं। उनकी बेहतर कार्यशैली से प्रभावित होकर एसएसपी अंकिता शर्मा ने उन्हें थाना मुजरिया की जिम्मेदारी सौंपी थी।
इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को नए दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी अपने अनुभव और कार्यकुशलता से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने में योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







