मुजरिया के कोल्हाई गांव में 4 अक्टूबर की रात हुई थी घटना, पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर भेजा जेल
बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हाई में महिला की गाड़ी से टक्कर लगने के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम कोल्हाई निवासी राजेंद्र पाल की तहरीर पर 4 अक्टूबर की रात हुई घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि रात करीब 9:30 बजे आरोपियों ने राजेंद्र पाल के साथ मारपीट की और उनकी करीब 50 वर्षीय मां लज्जावती को जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ा दी। घटना में गंभीर रूप से घायल लज्जावती की मौत हो गई।
मामले में थाना मुजरिया पुलिस ने मु0अ0सं0 117/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 115(2) और 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से नामजद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मुकदमे में वांछित हिमांशु पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम कोल्हाई, थाना मुजरिया, को ग्राम समसपुर बल्लू जाने वाले रास्ते से दोपहर करीब 12:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नीरज कुमार, उपनिरीक्षक कमरुद्दीन, हेड कांस्टेबल ललित कुमार, कांस्टेबल कादिर खान, पवन कुमार और मयंक तोमर शामिल रहे।






