मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 281 हिंदू जोड़ों ने लिए सात फेरे, नवदंपतियों को मिलेगा एक लाख रुपये का लाभ
बदायूं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को पूनम लॉन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 295 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 281 हिंदू जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज से सात फेरे लिए, जबकि 14 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहितों को सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली सहायता और सुविधाओं की जानकारी भी दी।
नवदंपतियों को मिलेगा एक लाख रुपये का लाभ
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक पात्र नवविवाहित जोड़े के लिए कुल एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान बताया गया। इसमें 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च तथा 64 हजार रुपये वधू के खाते में जमा किए जाने हैं।
बेटियों के सम्मान और परिवार की खुशहाली पर दिया जोर
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां ससुराल में सभी का सम्मान करें और परिवार का ध्यान रखें। वहीं बेटों को भी अपनी जीवनसंगिनी के साथ उसके मायके पक्ष को बराबर सम्मान देना चाहिए। सकारात्मक सोच और आपसी सम्मान से वैवाहिक जीवन में खुशियां आती हैं।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अनेक परिवारों के बच्चों के विवाह का माध्यम बन रही है। यह खुशी और उत्साह का अवसर है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों के जीवन में प्रेम, विश्वास, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
प्रमाणपत्र और उपहार सामग्री वितरित
समारोह के अंत में प्रतीकात्मक रूप से कुछ नवदंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र और उपहार सामग्री वितरित की गई। अतिथियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखमय गृहस्थ जीवन की कामना की।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, पीडी डीआरडीए सत्येंद्र सिंह, डीसी एनआरएलएस रवि प्रकाश, ब्लॉक प्रमुख कादरचौक वीरेंद्र राजपूत, ब्लॉक प्रमुख अंबियापुर रेखा रानी, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, समाज कल्याण वित्त सहायक प्रबंधक संतोष दिवाकर सहित संबंधित खंड विकास अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।







