बदायूं। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिल्सी थाना पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनाजिर अली पुत्र शाकिर, नाजिम पुत्र शाकिर और मुशर्फ पुत्र रज्जाक निवासी ग्राम मिर्जापुर सोहरा, थाना बिल्सी, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मुकदमा संख्या 480/26 में वांछित चल रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी रफीनगर-खितौरा रोड से मिर्जापुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर की गई। तलाशी के दौरान मुनाजिर के कब्जे से एक अवैध पोनिया 315 बोर और दो जिंदा कारतूस, जबकि नाजिम के कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं 3/25/27(1-B)(A) की बढ़ोतरी की है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बिल्सी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बिल्सी के नेतृत्व में की गई।






