बदायूं। जनपद की होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी अलिशबा फातिमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। बदायूं में आयोजित ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अलिशबा ने अपनी प्रतिभा और दमदार खेल का प्रदर्शन कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
कादरी कॉलोनी निवासी तारिक रियाज की पुत्री अलिशबा डी. पॉल स्कूल में कक्षा सात की छात्रा हैं। कम उम्र में ही उन्होंने खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है। इससे पहले भी वह बरेली और लखनऊ मंडल की चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं।
अलिशबा अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत, अनुशासन, माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों के सहयोग को देती हैं। उनके कोच को भी उनकी प्रतिभा और मेहनत पर पूरा भरोसा है। उनका मानना है कि इसी तरह प्रदर्शन जारी रहा तो अलिशबा जल्द ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाती नजर आएंगी।
अलिशबा की इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और जिले में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







