बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का रविवार को जनपद बदायूं में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक श्रवण किया गया। इसी क्रम में सिविल लाइंस मंडल के बूथ संख्या 195 पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। जनपद के विभिन्न बूथों पर भी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशहित में कार्य करने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का संदेश बेहद महत्वपूर्ण है। स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि ‘मन की बात’ में सरदार वल्लभभाई पटेल की राष्ट्रीय एकता की भावना, महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों, स्वतंत्रता सेनानी भाई परमानंद के योगदान और महान वैज्ञानिक नरिंदर सिंह कपानी की उपलब्धियों का स्मरण देश की गौरवशाली विरासत पर गर्व करने की प्रेरणा देता है। इन महापुरुषों का जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘मन की बात’ देशभर में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है। उन्होंने सभी से दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करने तथा समाज में एकता और समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय, सलीम खान, शेखर साहू, मुजाहिर खान बंटी, अंकित साहू, हिमांशु सक्सेना, एजाज खान, इजहार उद्दीन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






