बिसौली के बसई गांव में प्राथमिक विद्यालय को प्रचार का मंच बनाने का आरोप, भाजपा पदाधिकारियों के नाम लेकर सांसद ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
बदायूं। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई रोककर राजनीतिक नारे लगवाने का मामला सामने आने के बाद जिले में चर्चा तेज हो गई है। बिसौली ब्लॉक के ग्राम बसई स्थित प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूली बच्चे कथित तौर पर राजनीतिक नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। मामले को लेकर बदायूं के सांसद आदित्य यादव ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वायरल वीडियो में विद्यालय परिसर में मौजूद छात्र-छात्राएं हाथ उठाकर नारे लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में ‘राधे-राधे, कमल का फूल खिला दे’ जैसे नारे सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई रोककर राजनीतिक गतिविधि कराई गई और स्कूल परिसर को प्रचार का मंच बना दिया गया।
सांसद आदित्य यादव ने पोस्ट कर लगाए आरोप
बदायूं सांसद आदित्य यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वायरल वीडियो के साथ पोस्ट करते हुए लिखा कि बदायूं के बिसौली ब्लॉक के ग्राम बसई के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई रोककर बच्चों से ‘कमल खिलाने’ के नारे लगवाए गए। उन्होंने भाजपा के बिसौली ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह ठाकुर और जिला उपाध्यक्ष सरिता वार्ष्णेय का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने स्कूल को प्रचार का मंच बना दिया।
सांसद ने इस घटना को शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन बताते हुए सवाल उठाए हैं। उनकी पोस्ट सामने आने के बाद मामला राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है और सोशल मीडिया पर लोग सरकारी विद्यालयों में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
विद्यालयों में पढ़ाई या राजनीतिक प्रचार?
सरकारी विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा देने और उनके शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग की होती है। ऐसे में यदि पढ़ाई के समय बच्चों से राजनीतिक नारे लगवाए गए हैं तो यह गंभीर सवाल खड़ा करता है। वायरल वीडियो और सांसद की पोस्ट के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका तथा मामले की जांच को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और शिक्षा विभाग की ओर से मामले में कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर जांच कराता है या नहीं।







