दिल्ली पब्लिक स्कूल में ‘एक स्वर, एक संवाद’ कार्यक्रम आयोजित, न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी
बदायूं। संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूं की ओर से गुरुवार को जनपदभर में ‘एक स्वर, एक संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत जनपद के विभिन्न विद्यालयों के कुल 1,72,542 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का हिंदी में वाचन किया। मुख्य कार्यक्रम दिल्ली पब्लिक स्कूल बदायूं में आयोजित हुआ, जहां विद्यार्थियों ने बड़े स्तर पर संविधान की प्रस्तावना पढ़कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विवेक संगल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आंचल राना धवन ने छात्र-छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों, विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम-1987, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन भी कराया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को जनपद न्यायाधीश विवेक संगल ने प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
आयोजन में दिल्ली पब्लिक स्कूल बदायूं के लगभग 612 छात्र-छात्राओं तथा जनपद के अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। जिले के समस्त विद्यालयों को मिलाकर कुल 1,72,542 विद्यार्थियों ने ‘एक स्वर, एक संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। कार्यक्रम की ड्रोन से वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई।
इस अवसर पर प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रिंकू, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट राजवीर सिंह, षष्ठम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट ऋषि कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद तौसीफ रजा, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय नवेद मुजफ्फर, सिविल जज सीडी एवं त्वरित न्यायाधीश अंकित रस्तोगी, अपर सिविल जज जूडी भारती तायल तथा जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव सहित न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा वाद्य यंत्रों के साथ राष्ट्रगान प्रस्तुत कर किया गया। वहीं दीवानी न्यायालय परिसर में भी जनपद न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पराविधिक स्वयंसेवकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।







