लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत 3 नवंबर को निकलेगी विशाल पदयात्रा, जेपी नड्डा और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य रहेंगे मौजूद
बदायूं। भारतीय जनता पार्टी के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत मंगलवार, 3 नवंबर को बरेली में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा में बदायूं जनपद से पांच हजार से अधिक पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा तथा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति रहेगी। पदयात्रा को लेकर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
पदयात्रा में बदायूं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला और मंडल स्तर पर तैयारियां की गई हैं। सभी मंडलों के पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में बरेली पहुंचने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं के आवागमन और सहभागिता को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों के सम्मान के लिए भाजपा सदैव प्रतिबद्ध रही है। विपक्ष की नकारात्मक राजनीति, झूठे आरोपों और अराजकता फैलाने के प्रयासों के खिलाफ जनजागरण के उद्देश्य से यह पदयात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और जनता के विश्वास को बनाए रखना सभी का दायित्व है।
जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि बदायूं से पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता पूरे उत्साह और एकजुटता के साथ पदयात्रा में शामिल होकर पार्टी की ताकत का एहसास कराएंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया।
यहां से निकलेगी पदयात्रा
पदयात्रा मंगलवार 3 नवंबर को सुबह 10 बजे बरेली के स्वयंवर बारातघर, राजेंद्र नगर से शुरू होगी। यहां से यात्रा बांके बिहारी मंदिर और शिवाजी चौक होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा चौक, डीडीपुरम तक पहुंचेगी।







