दातागंज ब्लॉक के इंचार्ज प्रधानाध्यापक पवन भारती ने वीडियो जारी कर सुनाई आपबीती, निलंबन और वेतन रोकने की धमकी देने का भी लगाया आरोप
बदायूं। जनपद के दातागंज ब्लॉक में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बसेला के इंचार्ज प्रधानाध्यापक पवन भारती ने खंड शिक्षा अधिकारी पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, विभिन्न मदों में जारी सरकारी धनराशि से कमीशन मांगने और विरोध करने पर कार्रवाई की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में प्रधानाध्यापक पवन भारती का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से बीआरसी के क्लर्क आलोक के माध्यम से उन्हें लगातार फोन करवाया जा रहा है। आरोप है कि उनसे कंपोजिट ग्रांट की धनराशि में कमीशन देने, झंडे के नाम पर 1,000 से 1,500 रुपये तथा स्पोर्ट्स किट के नाम पर पैसे देने की मांग की जा रही है। इसके अलावा विभिन्न मदों में विद्यालयों के लिए जारी धनराशि से भी कमीशन मांगे जाने का आरोप लगाया गया है।
पवन भारती का कहना है कि उन्होंने कथित रूप से की जा रही इन मांगों का विरोध किया तो खंड शिक्षा अधिकारी ने उनके साथ गाली-गलौज की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें निलंबित करने, वेतन रोकने और नौकरी नहीं करने देने की धमकियां दी जा रही हैं।
प्रधानाध्यापक द्वारा वीडियो जारी किए जाने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल की स्थिति बन गई है। अब इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों की प्रतिक्रिया और जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार से जानकारी लेनी चाही तो उनका फोन नहीं उठा।






