पुलिस लाइन चौराहे पर चला सघन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के साथ आमजन को दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
बदायूं। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत बदायूं में यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन चौराहे पर टीएसआई ललित कुमार ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 125 वाहनों के चालान किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वालों में खलबली मच गई।
चेकिंग अभियान के दौरान टीएसआई ललित कुमार ने वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर लापरवाही केवल वाहन चालक की ही नहीं, बल्कि दूसरे लोगों की जिंदगी के लिए भी खतरा बन सकती है। अभियान के दौरान चालान की कार्रवाई के साथ वाहन चालकों और आम जनमानस को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
टीएसआई ललित कुमार ने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करना चाहिए।
2 नवंबर को हुआ था यातायात माह का शुभारंभ
गौरतलब है कि जनपद बदायूं में 2 नवंबर को एसएसपी अंकिता शर्मा ने सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता की मौजूदगी में यातायात माह-2026 का शुभारंभ किया था। इस दौरान जागरूकता बाइक रैली निकालकर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया था। अब यातायात माह के तहत जागरूकता के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।
टीएसआई ने कहा कि यातयात पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों की आदतों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना है। यातायात उपनिरीक्षक ललित कुमार की इस कार्रवाई से साफ संदेश है कि सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।







