विधायक महेश चन्द्र गुप्ता के प्रयासों से स्वीकृत हुई धनराशि, सिविल बार में बनेगा डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्मृति द्वार; जिला बार में भी होगा निर्माण
बदायूं। शहर के विकास को गति देने के लिए शहर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता के प्रयासों से बदायूं में 12 विकास कार्यों के लिए 56 लाख 50 हजार 700 रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। विधायक निधि योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस धनराशि से शहर के विभिन्न मोहल्लों और वार्डों में सीसी सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने से लंबे समय से जर्जर सड़कों और गलियों की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत विकास कार्यों में सिविल बार परिसर में डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्मृति द्वार का निर्माण भी शामिल है। वहीं जिला बार परिसर में पुराने डीएसओ कार्यालय से लाल गेट तक सीसी सड़क बनाई जाएगी। इस कार्य के लिए 11 लाख 28 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जो सभी 12 कार्यों में सबसे अधिक धनराशि है।
इसके अलावा मोहल्ला खंडसारी, जवाहरपुरी, नई सराय, ब्राह्मपुर इमली चौक, सम्राट अशोक नगर, सुंदर नई बस्ती लालपुल, बालाजी नगर और प्रीत बिहार सहित कई क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य कराए जाएंगे। ब्राह्मपुर इमली चौक में साजन कठेरिया के मकान से अनोखे लाल प्रजापति एडवोकेट के मकान तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 9 लाख 73 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं प्रीत बिहार, नगला शर्की में राजीव गुप्ता के घर से रेखा शर्मा के प्लॉट तक सड़क निर्माण पर 7 लाख 75 हजार 800 रुपये खर्च किए जाएंगे।
जवाहरपुरी में दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। नई सराय के वार्ड नंबर 27 में भी बड़े दरवाजे से मो. यार खान के घर होते हुए मुस्ताक के घर तक सीसी सड़क बनाई जाएगी। लालपुल के निकट दास पेट्रोल पंप वाली गली में भी सड़क निर्माण कराया जाएगा।
विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि बदायूं शहर का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक विकास कार्य पहुंचाना उनका संकल्प है। सड़क, नाली, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। इसी क्रम में बदायूं को बेहतर और विकसित शहर बनाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
विधायक निधि से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब संबंधित क्षेत्रों के लोगों को निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है। इन कार्यों के पूरे होने से शहर के कई इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
रोहिलखण्ड प्रभात संवाददाता






