सड़क सुरक्षा पखवाड़े के छठे दिन परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तीन बुलेट के चालान भी किए
बदायूं। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 के तहत जनपद में मॉडिफाई साइलेंसर और प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के छठे दिन परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज कर पुलिस लाइन बदायूं में खड़ा कराया गया, जबकि तीन अन्य बुलेट के चालान किए गए।
अभियान के दौरान मॉडिफाई साइलेंसर और प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में एक ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिलों के भी चालान किए गए।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि वे निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफाई साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें। इनसे निकलने वाली तेज आवाज आमजन के साथ बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनती है। साथ ही ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।







