बेंगलुरु में आईबीएम की नौकरी छोड़ बने एसडीएम, फिर आईपीएस अधिकारी; आगरा से बदायूं भेजे गए 2021 बैच के आदित्य
बदायूं। पुलिस विभाग में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत आगरा पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी आदित्य को बदायूं का नया अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नियुक्त किया गया है। वहीं, बदायूं में एसपी ग्रामीण के पद पर तैनात डॉ. हृदेश कठेरिया को लखनऊ स्थित यातायात निदेशालय भेजा गया है। नए एसपी ग्रामीण आदित्य की कहानी संघर्ष, मेहनत और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प की मिसाल है।
मुजफ्फरनगर के तितावी गांव के किसान परिवार में जन्मे आदित्य ने प्रारंभिक शिक्षा गांव के स्कूलों से प्राप्त की। इसके बाद मुजफ्फरनगर के एमजी पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए नोएडा पहुंचे और जेएसएस कॉलेज से आईटी में बीटेक किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद कैंपस प्लेसमेंट के जरिए बेंगलुरु की बहुराष्ट्रीय कंपनी आईबीएम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में नौकरी मिली। करीब डेढ़ वर्ष तक निजी क्षेत्र में काम करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा में जाने का निर्णय लिया।
नौकरी के साथ सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर डिप्टी कलेक्टर यानी एसडीएम बने। इसके बावजूद उनका आईपीएस बनने का सपना अधूरा था। उन्होंने यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और पांचवें प्रयास में ऑल इंडिया 92वीं रैंक हासिल कर आईपीएस अधिकारी बने। किसान पिता जितेंद्र सिंह और माता पवित्रा सिंह के परिवार से निकलकर देश की प्रतिष्ठित पुलिस सेवा तक पहुंचने का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
आगरा पुलिस कमिश्नरेट में तैनाती के दौरान आदित्य ने अपर पुलिस उपायुक्त के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। अब बदायूं में ग्रामीण पुलिस की कमान उनके हाथों में होगी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, जनशिकायतों के निस्तारण और पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी उनके सामने होगी।
नए एसपी ग्रामीण के सामने ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की चुनौती होगी। उनके कार्यभार संभालने के बाद ग्रामीण पुलिसिंग की दिशा और प्राथमिकताओं पर नजर रहेगी।






