बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल पर बात और रॉन्ग साइड चलने वालों पर कार्रवाई; एआरटीओ हरिओम और अभिनव चौधरी ने चलाया विशेष अभियान
बदायूं। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 96 वाहनों के चालान किए गए।
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम और यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी ने कार्रवाई की। विभाग की टीम ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट कार चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने और रॉन्ग साइड में वाहन दौड़ाने वालों को निशाने पर लिया।
नियमों की अनदेखी से दूसरों की जान भी खतरे में
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल दुर्घटना के दौरान गंभीर चोटों के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग और गलत दिशा में वाहन चलाना सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
चालान ही नहीं, जिंदगी बचाना भी मकसद
परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखें और निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं।
विभाग के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा करना है। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क यात्रा को सुरक्षित बनाया जा सकता है।






