15 नवंबर को आगरा में प्रस्तावित दलित सम्मेलन की तैयारियों को लेकर होगा मंथन, फखरे अहमद शोबी के आवास पर करेंगे प्रेस वार्ता
बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन 12 अक्टूबर को बदायूं पहुंचेंगे। उनका यह दौरा आगामी 15 नवंबर 2026 को आगरा में आयोजित होने वाले विशाल दलित सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रामजी लाल सुमन दोपहर एक बजे गांधी नगर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगरा में प्रस्तावित दलित सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा होने की संभावना है।
इसके बाद दोपहर दो बजे वह सपा नेता फखरे अहमद शोबी के मोहल्ला सोथा स्थित आवास पर प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। इस दौरान सम्मेलन की तैयारियों और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर जानकारी दिए जाने की संभावना है।
रामजी लाल सुमन के बदायूं दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की निगाहें बैठक और प्रेस वार्ता पर टिकी हैं। आगरा में होने वाले दलित सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में यह बैठक पार्टी संगठन के लिए अहम मानी जा रही है।






